शेखपुरा में 7 जून 2026 को आयोजित होने वाले भव्य काव्य महाकुंभ में देश के प्रसिद्ध कवि अमित शुक्ला, नीलोत्पल मृणाल, सरिता शर्मा, स्वयं श्रीवास्तव और अशोक चारण काव्यपाठ करेंगे। साहित्य प्रेमियों के लिए खास अवसर।
मंच से प्रस्तुत होने वाली रचनाएं समाज, राष्ट्र, मानवीय संवेदनाओं और समकालीन विषयों पर आधारित होंगी।
कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, गीत, ग़ज़ल, ओज और प्रेरणादायक कविताओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। श्रोताओं को देश के चर्चित रचनाकारों को नजदीक से सुनने और उनसे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
साहित्य प्रेमियों से की गई विशेष अपील
आयोजकों ने जिले के साहित्य प्रेमियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि दिनकर की कर्मभूमि पर आयोजित यह साहित्यिक आयोजन नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने का यह प्रयास जिले की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।
दैनिक जागरण परिवार ने भी किया आमंत्रित
दैनिक जागरण परिवार, शेखपुरा ने जिले के सभी साहित्य अनुरागियों से इस भव्य काव्य महोत्सव में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है। आयोजकों का मानना है कि श्रोताओं की उपस्थिति और सहभागिता ही इस साहित्यिक महापर्व की वास्तविक सफलता होगी।
दिनकर की धरती पर आयोजित होने वाला यह काव्य महाकुंभ निश्चित रूप से साहित्य प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा, जहां शब्दों की शक्ति, भावनाओं की गहराई और संस्कृति की समृद्ध विरासत एक ही मंच पर देखने को मिलेगी।




