शेखोपुरसराय। थाना क्षेत्र के ओनामा पावर हाउस के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क हादसे के बाद मौके पर मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। तीनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हुए थे।
इसी दौरान ओनामा पंचायत के मुखिया अभिमन्यु कुमार उसी रास्ते से गुजर रहे थे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत अपने वाहन से तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेखोपुरसराय पहुंचाया।
एक युवक को मृत घोषित किया गया
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरबीघा थाना क्षेत्र के रमजान गांव निवासी कैलू रविदास के पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई है।
दो घायल, हालत गंभीर — पावापुरी रेफर
इस हादसे में घायल हुए युवकों की पहचान इस प्रकार की गई है:
- उपेंद्र रविदास के पुत्र अमरजीत कुमार (गांव: रमजान)
- लालू रविदास के पुत्र आशिक रविदास (गांव: चारुआवा, शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र)
दोनों घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया।

स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार
घटना की सूचना मिलते ही शेखोपुरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया गया है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
एक ही बाइक पर जा रहे थे तीन युवक
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चारुआमा से रमजानपुर जा रहे थे। घायल आशिक का ननिहाल रमजानपुर बताया गया है।
गांव में शोक की लहर
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


