शेखोपुरसराय (निज संवाददाता)। शेखपुरा जिले में उत्पाद विभाग द्वारा तेल मिल मालिक मनोज कुमार को शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिला 20 सूत्री कार्यक्रम की बैठक में शामिल होने पहुंचीं प्रभारी मंत्री श्वेता गुप्ता के समक्ष मनोज कुमार की पत्नी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने न्याय की गुहार लगाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि उत्पाद विभाग ने साजिश के तहत तेल मिल के पीछे स्थित खेत में शराब रखकर मनोज कुमार को झूठे मामले में फंसा दिया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी मंत्री श्वेता गुप्ता ने अपर समाहर्ता (एडीएम) लखींद्र पासवान को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं, ग्रामीणों ने बरबीघा विधायक कुमार पुष्पांजय से भी मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। विधायक ने भी ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इधर, जिला परिषद अध्यक्ष ने भी जिला 20 सूत्री बैठक में उत्पाद विभाग की कथित कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले को गंभीर बताया। उन्होंने दोषी अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की। बैठक में उत्पाद अधीक्षक की अनुपस्थिति को लेकर भी सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
फिलहाल, इस मामले को लेकर जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।


