शेखोपुरसराय (संवाद सहयोगी): नगर पंचायत शेखोपुरसराय पैक्स भाग-2 के नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष पीयूष कुमार ने अपनी जीत के बाद शेखपुरा जिला परिषद अध्यक्षया निर्मला सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास, किसानों की समस्याओं तथा पैक्स के माध्यम से उन्हें मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला परिषद अध्यक्षया निर्मला सिंह ने पीयूष कुमार की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि पीयूष कुमार ने हमेशा जमीनी स्तर पर काम किया है और किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझा है। यही कारण है कि जनता ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस पद पर चुना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पीयूष कुमार अपने कार्यकाल में किसानों के हितों को प्राथमिकता देंगे और पैक्स को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।
वहीं, पीयूष कुमार ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किसानों और आम लोगों के लिए कार्य करेंगे तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।
मौके पर राजीव कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।


