शेखोपुरसराय नगर पंचायत पैक्स भाग 2 के आगामी चुनाव को लेकर सोमवार को उम्मीदवारों के बीच चुनाव चिन्ह का औपचारिक वितरण संपन्न हुआ। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अमित गौरव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पैक्स के अंतर्गत अध्यक्ष एवं सदस्य दोनों पदों के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पवन कुमार को “मोतियों की माला” तथा पीयूष कुमार को “ब्लैक बोर्ड” चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया।
मैदान में उतरे पवन कुमार, किसानों से किया बड़ा वादा
चिन्ह मिलते ही प्रत्याशी पवन कुमार ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया और क्षेत्र के मतदाताओं से सीधे संवाद शुरू कर दिया। उन्होंने किसानों से वादा किया कि यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो शेखोपुरसराय नगर पंचायत पैक्स भाग 2 के माध्यम से किसानों के हित में ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाए जाएंगे।
पवन कुमार ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उजागर करते हुए कहा —
“न तो किसानों के धान-गेहूं का सही समय पर उठाव हो पाता है और न ही फसल के लिए आवश्यक खाद की आपूर्ति पैक्स द्वारा सुनिश्चित की जाती है। यह किसानों के साथ घोर उपेक्षा है।”
उन्होंने आगे कहा कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है और उन्हें मतदाताओं का जबरदस्त समर्थन प्राप्त हो रहा है। उनका दावा है कि इस चुनाव में किसानों की आवाज़ ही निर्णायक भूमिका निभाएगी।


