रविवार के दिन ब्रह्म ज्ञानकुलम के बैनर तले जिला स्तरीय बैठक शेखपुरा जिला के राजो कॉलोनी स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विनायक मिश्रा ने की। बैठक का उद्देश्य ब्राह्मण समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उत्थान को लेकर विचार-विमर्श करना था।
बैठक के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित होने की आवश्यकता है।

“संघे शक्ति कलियुगे” के मूल मंत्र को अपनाकर ही समाज अपनी पहचान और शक्ति को मजबूत कर सकता है। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने एक स्वर में “जागो ब्राह्मण जागो” का नारा लगाते हुए समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की प्रगति का मुख्य आधार बताया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। शिक्षित समाज एक दीपक की तरह प्रकाश फैलाकर न केवल स्वयं आगे बढ़ता है, बल्कि पूरे समाज को भी दिशा देता है।
बैठक में ब्रह्म ज्ञानकुलम संस्था के पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) एवं भविष्य में गुरुकुल की स्थापना को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई। सदस्यों ने गुरुकुल को भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं शिक्षा का केंद्र बताते हुए इसे शीघ्र स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। सभी सदस्यों ने एकमत से यह निर्णय लिया कि ब्रह्म ज्ञानकुलम के बैनर तले ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए हर संभव दिशा में कार्य किया जाएगा, चाहे परिस्थितियाँ जैसी भी हों।
इस बैठक में संस्था के सचिव अनिल पांडेय, बृजनंदन पांडेय डॉ. वीरेंद्र पांडेय, प्रोफेसर श्याम सुंदर पांडेय,सनोज पांडेय,संतोष पांडेय सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।


